विवादों के कारण चर्चा में रहने वाले पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बलिया संसदीय सीट से चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
अधिकार सेना के नाम से करेंगे नई पार्टी का गठन
ठाकुर ने रविवार को जारी एक वीडियो में इस आशय की घोषणा की। उन्होने कहा कि वे नव गठित राजनैतिक दल ‘अधिकार सेना’ की ओर से चुनाव लड़गे। अमिताभ ने कल ही अधिकार सेना के गठन की घोषणा यह कहते हुए की थी कि अधिकार सेना आम नागरिक में समस्त अधिकार निहित होने की भावना पर विश्वास करता है और उसका प्रयास संविधान प्रदत्त शक्तियों को प्रत्येक नागरिक की पहुँच तक लाने का है।
सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के कारण ठाकुर ने बलिया जनपद को चुना
अमिताभ ने कहा कि उन्होंने बलिया को उसकी सांस्कृतिक व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के कारण चुना। उन्होंने कहा कि बलिया को स्वतंत्रता की लड़ाई में अप्रतिम भूमिका तथा विशेषकर 1942 के भारत छोड़ आन्दोलन में चित्तू पाण्डेय के अधीन अंग्रेजों से आजाद घोषित करने के कारण बागी बलिया के नाम से जाना जाता है। उन्होने कहा कि वे एक बेहतर समाज की स्थापना हेतु निरंतर प्रत्यनशील रहने वाले जय प्रकाश नारायण तथा चंद्रशेखर की धरती की पूरी ईमानदारी तथा तन्मयता से सेवा करना चाहते हैं।
गौरतलब है कि पूर्व आईपीएस अधिकारी पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार और मौजूदा योगी सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्हे पिछले साल वीआरएस दिया गया था जबकि बाद में उन्हे सेवानिवृत्ति दे दी गयी थी। पिछले विधानसभा चुनाव में भी उन्होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ने की मंशा का इजहार किया था मगर बलात्कार के आरोपी को बचाने के आरोप में उन्हे जेल भेज दिया गया था और वह चुनाव लड़ने से वंचित रह गये थे।


Download Android App
Download iOS App



