उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के मद्देनजर मथुरा के जिला न्यायाधीश ने जिले की सभी अदालतों को दो दिन के लिए बंद रखने का निर्णय लिया है। इसलिए आठ और नौ अप्रैल को जिले में दीवानी एवं फौजदारी एवं तहसील स्तरीय अदालतों में सुनवाई नहीं होगी। जिला न्यायाधीश यशवंत कुमार मिश्र के हवाले से जिला शासकीय अधिवक्ता शिवराम सिंह तरकर ने यह जानकारी दी है।
तरकर ने बताया कि जिले के दो अपर जिला जज एवं सत्र न्यायाधीश, एक सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता एवं दो-तीन लिपिकों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद जिला न्यायाधीश ने एहतियाती तौर पर जिले की सभी अदालतों को आठ और नौ अप्रैल को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित मामले की सुनवाई भी बुधवार को टाल दी गई और अब 22 अप्रैल को इस पर सुनवाई होगी।
तरकर ने बताया कि अपर जिला न्यायाधीश सुदामा प्रसाद के पूरे परिवार, सरकारी वकील एडीजीसी मदन मोहन पाण्डेय तथा अपर जिला न्यायाधीश संजय कुमार यादव के संक्रमित होने की जानकारी मिली है। इनके अलावा कुछ लिपिक भी जांच में संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमण ज्यादा न फैले, इसके लिए दो दिन अदालतें बंद रखने का निर्णय किया गया। शनिवार और रविवार को नियमित अवकाश होने के कारण अब सोमवार से अदालतों में सुनवाई होगी।


Download Android App
Download iOS App



