Bageshwar Dham Accident: छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम में 3 जुलाई को तेज बारिश के दौरान एक हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। यह घटना पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिन (4 जुलाई) से ठीक एक दिन पहले हुई। बताया जा रहा है कि बारिश के कारण एक पुराने ग्राउंड में लगे अस्थायी टेंट की पॉलीथीन पर पानी भर गया, जिससे उसका पाइप गिर गया। उसी के नीचे कुछ लोग बारिश से बचने के लिए बैठे थे। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में इसे बड़ा हादसा बताया गया, लेकिन धीरेंद्र शास्त्री ने इसे एक छोटी सी घटना बताया है जिसे मीडिया ने बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया।
पॉलीथीन का था टेंट
उन्होंने कहा कि “यह कोई टीन शेड नहीं था, बल्कि एक पाइप वाला छोटा सा टेंट था, जिसमें पॉलीथीन लगी थी। बारिश से पॉलीथीन में पानी भर गया और पाइप गिर गया। इतनी मजबूत टीन की शेड एक दिन में कैसे गिर सकती है?” इस हादसे में अयोध्या से आए एक व्यक्ति की गंभीर चोटों के चलते मौत हो गई, जिससे धीरेंद्र शास्त्री बेहद दुखी हैं। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति बारिश से बचने के लिए वहां सो रहे थे। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वे बच नहीं सके।
सभी कार्यक्रम रद्द
इस दुखद घटना के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने अपने जन्मदिन के सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम दो दिन के लिए स्थगित कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि “यह धाम सबका है, कोई भी पीड़ा हो तो वह अपनी ही लगती है। दुख अपना है।” साथ ही, उन्होंने दुकानदारों और आयोजकों से अपील की है कि वे पॉलीथीन की जगह मजबूत सामग्री का उपयोग करें ताकि भविष्य में कोई और हादसा न हो। धाम क्षेत्र में भारी बारिश आम है, और यहां लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए सुरक्षा बेहद जरूरी है।
‘दुर्घटना पर किसी का बस नहीं’
यही नहीं पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, “भगवान की प्राकृतिक वर्षा में कहीं बिजली गिरती है, कहीं बादल फटते हैं। जो विधि में लिखा है, वैसा ही होगा। इस पर किसी का नियंत्रण नहीं है। सभी कह रहे थे कि कार्यक्रम बंद नहीं होना चाहिए, लेकिन हम नहीं माने। हम अनुष्ठान कथा को रोक नहीं सकते, इसलिए क्रम पूरा किया जाएगा।”
Also Read- Bageshwar Dham में बड़ा हादसा, Dhirendra Shastri का जन्मदिन मनाने पहुंचे कई श्रद्धालु घायल


Download Android App
Download iOS App




