उत्तर प्रदेश के इटावा में अपने घर से बाहर शराब पीकर होली खेलने से मना किया तो हुड़दंगियों ने 60 वर्षीय एक वृद्ध महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस दौरान महिला के परिवार के पांच सदस्य भी घायल हो गए। मामला सदर कोतवाली के मेवाती टोला का है। सभी उपद्रवी नशे की हालत में थे, जिन्होंने महिला के घर में घुसकर लाठी और पत्थर से धावा बोल दिया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला ने आरोपियों से घर के बाहर रंग खेलने और शराब पीकर हंगामा करने से मना किया था। इस बात से खफा हुए युवक इतने भड़क गए कि उन्होंने घर में घुसकर बुजुर्ग महिला और उसके परिजनों पर हमला कर दिया। हमले में वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हुए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रशांत कुमार प्रसाद ने कहा कि जब परिवार के अन्य सदस्यों ने महिला को बचाने की कोशिश की, तो उन्हें भी पीटा गया, जिनमें दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इसके अलावा, जिले के एकदिल पुलिस सर्किल के तहत हुई एक दूसरी घटना में नशे में धुत एक युवक ने इतनी तेज गति से ट्रैक्टर चलाया जिसमें छह लोग घायल हो गए। बिजली के एक खंभे से टकराने के चलते ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने कहा, युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया और फिर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।


Download Android App
Download iOS App



