पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहले चरण की सीटों को साधने के लिए चुनावी दलों ने दौरों की रफ्तार तेज कर दी हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और रालोद राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी शहर में होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुरादनगर में प्रभाव मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
चुनावी लहर में योगी का चौथा दौरा
योगी आदित्यनाथ का चुनाव के दौरान गाजियाबाद में यह चौथा दौरा है। इससे पहले वह साहिबाबाद और गाजियाबाद सदर विधानसभा में संवाद कार्यक्रम कर चुके हैं। योगी आदित्यनाथ मुरादनगर से प्रत्याशी मंजू शिवाच के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत के लिए चुनाव में जुटने का आह्वान करेंगे सीएम योगी का मुरादनगर केएन इंटर कॉलेज में मुख्यमंत्री का तीसरा प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम होगा।
प्रबुद्ध लोगों से करेंगे संवाद
महानगर मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रबुद्ध वर्ग के लोगों से संवाद करते हुए सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों पर चर्चा करेंगे। घर-घर संपर्क अभियान कार्यक्रम में उनके शिरकत करने की अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पार्टी स्तर पर कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अखिलेश व जयंत चौधरी करेंगे संयुक्त प्रेसवार्ता
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी चुनाव की घोषणा होने के बाद पहली बार जिले में संयुक्त रूप से कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक ने बताया कि विधानसभा चुनाव की पांचों सीटों पर कार्यकर्ताओं को पार्टी हाईकमान से लगातार मार्गदर्शन मिल रहा है। नेताओं के गाजियाबाद आने से कार्यकर्ताओं का उत्साह दोगुना हो गया है। महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी ने बताया कि एनएच-9 स्थित वेदांता फार्म हाउस पर पार्टी अध्यक्ष पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। दोपहर 12 बजे तक उनके आने का समय है।


Download Android App
Download iOS App



