आजम खान जैसे लोगों के लिए ही एंटी रोमियो का किया गठन : योगी आदित्यनाथ

Summary :

योगी ने कहा, पहले की सरकारों ने बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया था। हमारी सरकार ने आजम खान जैसे लोगों के लिए एंटी रोमियो का गठन किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान पर रविवार को निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने आजम खान जैसे लोगों के लिए ही एंटी रोमियो का गठन किया है।

योगी एक चुनावी जनसभा में सपा नेता आजम खान पर जमकर बरसे और उन्होंने कहा, ”पहले की सरकारों ने बहन-बेटियों की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया था। हमारी सरकार ने आजम खान जैसे लोगों के लिए एंटी रोमियो का गठन किया। अकेली जया प्रदा जी की बात नहीं है, आजम खान ने पूरी नारी जाति का अपमान किया है और रामपुर इसका जोरदार जवाब देगा।”

Azam Khan

योगी ने कहा कि प्रदेश में अपराधी या तो जेल में होगा या तो उसका राम-नाम सत्य होगा। योगी ने कहा, ”जिस शहर (रामपुर) के नाम में ही मर्यादा पुरुषोत्तम हैं, वहां का प्रतिनिधि अगर किसी स्त्री के सम्मान की चिंता नहीं करता, तो यह निश्चित तौर पर कलंक की बात है।”

देश की आंखों में धूल झोंक रहे राहुल-प्रियंका, जनता के सामने आए असली नाम से : योगी

मुख्यमंत्री ने कानपुर देहात के घाटमपुर में एक सभा में कांग्रेस पर हमला किया और कहा कि कांग्रेस सरकार जाति विशेष वर्ग के पक्ष में ही बोलती आई है, जबकि मोदी सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग को ध्यान में रखकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रही है।

उन्होंने कहा, ”मोदी जी ने कहा था कि हमारी सरकार देश में किसी भी योजना का लाभ मत या जाति देखकर नहीं देगी, बल्कि प्रत्येक गरीब को, महिलाओं को, नौजवों को, जरूरतमंदों को योजना का लाभ पहुंचाएगी।”

योगी ने कहा, ”याद कीजिए 2014 का वह समय जब प्रधानमंत्री मोदी जी ने शपथ ली और जो वादे किए थे। उससे पहले के प्रधानमंत्रियों के भी वादे याद कीजिए और दोनों में तुलना कीजिए। स्थिति स्वत: स्पष्ट हो जाएगी कि कौन साम्प्रदायिक है और कौन राष्ट्रवादी है।” उन्होंने कहा कि अबकी बार पहला ऐसा चुनाव है जब प्रत्याशी मौन हो गया है और देश का जागरूक मतदाता देश के लिए चुनाव लड़ रहा है।

Desk Team