उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जनपद में सपा मुखिया अखिलेश यादव की 16 नवंबर को फखनपुरा में बहुप्रचारित रैली पर गाजीपुर जिला प्रशासन ने रोक लगा दी है। उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद आशुतोष कुमार ने बताया कि इस आशय के आदेश से संबंधित पार्टी को शनिवार को ही लिखित तौर पर अवगत करा दिया गया था।
इस बीच रविवार को शाम करीब चार बजे सपा के जिलाध्यक्ष रामधारी यादव से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि वह रैली स्थल पर मौजूद हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए हेलीपैड के निर्माण कार्य का जायजा ले रहे हैं। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण 16 नवंबर को ही सुल्तानपुर से किया जाएगा। इस मौके को खास बनाने के लिए एक्सप्रेस-वे के रनवे पर भारतीय वायुसेना के लड़कू विमान एयर शो के जरिए भारतीय सैन्य कौशल का प्रदर्शन भी करेंगे।
वहीं, अखिलेश के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्हें 16 नवंबर को गाजीपुर फखनपुरा में जनसभा को संबोधित करना था। कार्यक्रम के मुताबिक अखिलेश को वाराणसी हवाईअड्डे से हेलीकाप्टर द्वारा रैली स्थल फखनपुरा पहुंचना है। इसके बाद साढ़ 12 बजे उन्हें पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के रास्ते आजमगढ़ के लिए रवाना होना है। इस दौरान रास्ते में कासिमाबाद, हैदरगंज और हरिकरनापुर में भी उनकी जनसभा प्रस्तावित है।


Download Android App
Download iOS App



