Hapur Bride Absconds with jewellery: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी उर्फ भगवतीपुर गांव में शादी के महज दो दिन बाद एक दुल्हन गहने लेकर फरार हो गई। दुल्हन के पति विनोद कुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर से सोने-चांदी के जेवर लेकर भाग गई है। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, विनोद कुमार ने बताया कि करीब 3 महीने पहले उसने शादी के लिए हल्द्वानी के रहने वाले एक पंडित से संपर्क किया था। पंडित ने उसे बताया था कि युवती एक गरीब परिवार से है और शादी के लिए उसके माता-पिता को कुछ आर्थिक मदद देनी होगी। साथ ही मंदिर में शादी कराने की बात कही गई थी। विनोद का कहना है कि 14 अगस्त को वह अपनी मां जयवीरी, भाई मनोज और परिवार के अन्य लोगों के साथ रामपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचा था। वहां पंडित ने उसकी शादी सीमा नाम की युवती से कराई।
युवती की मां को दिए 1 लाख रुपये
बता दें कि शादी के बाद विनोद ने युवती की मां को 1 लाख रुपये दिए। वहीं, शादी कराने के लिए पंडित को 2100 रुपये दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। शादी की रस्में पूरी होने के बाद विनोद अपनी पत्नी को लेकर अपने गांव आ गया। वहीं उसने पत्नी को पहनने के लिए चांदी की पायल, कानों की बालियां, चांदी का हार और सोने का मंगलसूत्र दिया था। दोनों शादी के बाद घर में रह रहे थे।
पुलिस को दी गई शिकायत में विनोद ने बताया कि 15 अगस्त की रात करीब 2 बजे उसकी पत्नी घर फरार हो गई। पत्नी अपने साथ शादी में मिले सोने-चांदी के जेवर भी ले गई। परिवार को जब उसके घर में नहीं होने की जानकारी मिली तो उसकी तलाश शुरू की गई। रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद महिला का पता नहीं चल सका। इसके बाद विनोद ने सिंभावली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
बता दें कि विनोद ने पंडित राकेश शास्त्री, दुल्हन सीमा और उसके परिवार के लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। उसका आरोप है कि शादी के नाम पर उसके साथ धोखा किया गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस फोटो और वीडियो की मदद से महिला की पहचान और उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवती ने इससे पहले किसी दूसरे व्यक्ति से तो शादी नहीं रचाई है।
सिंभावली SHO अरविंद चौधरी ने बताया कि पति की ओर से दी गई लिखत शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस महिला की तलाश के साथ-साथ शादी से जुड़े सभी सबूतों की जानकारी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: नोएडा में सड़क पर चलती टैक्सी बनी आग का गोला, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान



Download Android App
Download iOS App




