झांसी: पुलिस और प्रशासन से बचने के लिए तस्कर किस कदर नए हथकंडे अपना रहे हैं, इसकी एक हैरान करने वाली तस्वीर उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के सकरार थाना क्षेत्र में सामने आई है।
यहां एक घर के आंगन में जमीन के नीचे शराब छिपाकर रखी गई थी और उसे बाहर खींचने के लिए ऊपर छोटा हैंडपंप लगा रखा था। बाहर से देखने पर यह किसी आम पानी के पंप जैसा ही लगता था, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जब इसे चलाया तो पानी के बजाय कच्ची शराब निकलने लगी।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने खुद पंप चलाकर शराब को टब में इकट्ठा किया और फिर बाल्टी की मदद से नीले जरीकेन में भरा। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है।
30 लीटर कच्ची शराब बरामद
इस अनोखे जुगाड़ का भंडाफोड़ होने के बाद पुलिस और आबकारी टीम ने मौके से करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके साथ ही अवैध शराब तैयार करने के लिए रखा गया लगभग 1,000 लीटर कच्चा लहन भी मौके पर ही नष्ट कराया गया, ताकि उसे बाजार में खपाया न जा सके।
एक महिला आरोपी गिरफ्तार, केस दर्ज
टहरौली के सीओ रक्षपाल सिंह के मुताबिक, यह संयुक्त कार्रवाई 21 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। टीम ने मौके से सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम तेजपुरा घुराट निवासी 30 वर्षीय विनीता (पत्नी रतन कुमार) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी महिला के खिलाफ सकरार थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जमीन के अंदर टंकी बनाकर हैंडपंप के सहारे शराब निकालने का यह तरीका अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
यह भी पढ़ें – मथुरा के NH-19 पर खड़े ट्रक में घुसी कार, 4 लोगों की मौत, 3 घायल, दर्शन करने जा रहे थे वृंदावन


Download Android App
Download iOS App




