प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एक भव्य समारोह में यहां काशी विश्वनाथ गलियारा परियोजना का उद्घाटन करेंगे और 55 हाई-डेफिनिशन (एचडी) कैमरों, चार जिमी जिब एवं एक बड़े ड्रोन की मदद से की जाने वाली इस कार्यक्रम की कवरेज भी ‘‘उतनी ही यादगार’’ होगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
‘दिव्य काशी, भव्य काशी’ कार्यक्रम के प्रसारण के लिए इस समय दूरदर्शन के 55 कैमरामैन, वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य कर्मियों समेत करीब 100 लोगों का दल पवित्र शहर में डेरा डाले हुए है।
इस संबंध में एक उच्च पदस्थ आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘55 एचडी कैमरों, सात अपलिंक सैटेलाइट वैन, समाचार एकत्र करने वाली चार सेलुलर सचल इकाइयों, एक आरएफ (रेडियो फ्रीक्वेंसी) कैमरे, चार जिमी जिब और एक ड्रोन की मदद से इस समारोह की यादगार कवरेज की जाएगी।’’
सूत्र ने बताया कि इससे पहले प्रधानमंत्री की केदारनाथ मंदिर की यात्रा को भी दूरदर्शन ने व्यापक स्तर पर कवर किया था, लेकिन ‘‘काशी में कवरेज वास्तव में वृहद होगी और समारोह की ही तरह यादगार भी होगी।’’
PM मोदी काशी विश्वनाथ गलियारे को लोगों को करेंगे समर्पित
मोदी वाराणसी के मध्य में स्थित महत्वाकांक्षी काशी विश्वनाथ गलियारे को सोमवार को लोगों को समर्पित करेंगे। इस विशाल परियोजना से वाराणसी में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सूत्र ने कहा, ‘‘हम काल भैरव मंदिर से कवरेज शुरू करेंगे और इसके बाद समारोह संबंधी मोदी की दिन भर की गतिविधियां प्रसारित की जाएंगी।’’
उन्होंने बताया कि क्रूज के माध्यम से प्रधानमंत्री की यात्रा, ललिता घाट पर उनका आगमन, गलियारे के विशाल परिसर में उनकी गतिविधियों को शानदार तरीके से कैमरों में कैद किया जाएगा।
गर्भगृह के अंदर, काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी श्रीकांत मिश्रा मोदी को पूजा कराएंगे और दूरदर्शन इसे भी प्रसारित करेगा।
इस कार्यक्रम के मद्देनजर यहां के अधिकतर निवासियों और घरेलू पर्यटकों में उत्साह है, जिसे देखते हुए वाराणसी में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक प्रतिष्ठित मंदिर के पास सड़कों पर नक्काशीदार लैम्प पोस्ट पर पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें ‘‘इस परियोजना के दृष्टिकोण को साकार करने’’ के लिए मोदी की प्रशंसा की गई है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि मोदी अपराह्न लगभग एक बजे मंदिर जाएंगे और लगभग 339 करोड़ रुपये की लागत से बने श्री काशी विश्वनाथ धाम के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



