उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासत गरमाई हुई है, सभी दलों में आरोप-प्रत्यारोप लगाने की मानों होड़ सी लगी हुई हो। सभी पार्टियां अपने आपको जनता के लिए बेहतर विकल्प बनाने में जुटी हुई है, इसी कड़ी में एक दूसरे के कार्यकाल की खामियां बता कर वोटों को अपने पाले में लाने के लिए भी मशक्कत जारी है। कुछ समय पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था कि 10 मार्च के बाद गर्मी शांत हो जाएगी।

जयंत चौधरी ने योगी पर किया पलटवार, जनता से की यह अपील
सीएम योगी के इस बयान पर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी ने तीखा पलटवार किया। जयंत चौधरी ने एक जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि लगता है पिछले सप्ताह आई शीतलहर में इन्हें ठंड लग गई है। जयंत ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आरएलडी के हैंडपंप के निशान पर वोट डालकर बीजेपी नेताओं की चर्बी निकाल दें। जयंत चौधरी ने कहा कि ”ऐसा भर-भर के वोट दो, ईवीएम मशीन को ऐसा भरके दो, हैंडपंप के बटन को ऐसा दबाओ कि बीजेपी की जो चर्बी चढ़ रही है, सारे नेताओं की चर्बी उतर जाए।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर कही थी यह बात
बता दें कि सीएम योगी ने सपा उम्मीदवार नाहिद हसन के कुछ समर्थकों की ओर से दी गई धमकी पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट कर लिखा था कि कैराना से तमंचावादी पार्टी का प्रत्याशी धमकी दे रहा है, यानी गर्मी अभी शांत नहीं हुई है! 10 मार्च के बाद गर्मी शांत हो जाएगी। उन्होंने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि 5 सालों में जो माफिया और दबंगई दिखाने वाले लोग दुबक के अपने बिलों में छुपे बैठे थे वह एक बार फिर अपना सिर उठाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा 10 मार्च के बाद फिर उनके गलों में तख्ती दिखेगी। ये गर्मी जो अभी कैराना और मुजफ्फरनगर में कुछ जगहों पर दिख रही है, शांत हो जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



