उत्तर प्रदेश के कानपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली बेहद दुखद घटना सामने आई है। काकादेव के नवीन नगर इलाके में एक गाय के मुंह में पटाखा फटने से उसका पूरा जबड़ा लहूलुहान हो गया। घायल गाय का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस और नगर निगम को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद गाय को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वायरल वीडियो में एक गाय कूड़े के ढ़ेर के पास खड़ी है। उसके मुंह से लगातार खून बह रहा है। मामले में जांच कि जा रही है कि कहीं उसी ढेर से गाय ने पटाखा तो नहीं खाया। वहीं पुलिस कमिश्नर बी.पी. जोगदंड ने कहा, “एक गाय के जबड़े में चोट लगने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल ले गई। गाय ने कूड़े के ढेर में पड़े पटाखे खाए होंगे। मौके की फोरेंसिक और CCTV की जांच की जाएगी। मामला दर्ज़ किया गया है।”

एसपीसीए के इंचार्ज डॉक्टर. राजेंद्र ने कहा कि गाय को अत्यंत जख्मी हालत में अस्पताल लाया गया था। उसे फौरन एंटी बायोटिक के साथ ही एनेल्जेसिक दिया गया। इसके अलावा डेक्सामेथासन इंजेक्शन भी दिया गया है। अस्थाई तौर पर प्लास्टर चढ़ा दिया गया है।अब गाय के जबड़े का आपरेशन किया जाएगा। जबड़े का अधिकांश हिस्सा उड़ चुका है।
घटना पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ये दुखद घटना है। इससे संबंधित जितने भी शरारती तत्व हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसा भी बेजुबान के प्रति निर्ममता ठीक नहीं है। शुरुआती जांच से पता चला है कि बम फटने से गाय घायल हुई है। लेकिन फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच के साथ इलाके में लगे सभी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



