रविवार को सबसे ज्यादा रहती है भीड़
सावन के हर सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाता है। इसी कारण रविवार के दिन कांवड़ यात्रियों की संख्या सबसे अधिक हो जाती है। इस दौरान दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय कांवड़िए भी यात्रा में शामिल होते हैं। कई श्रद्धालु डीजे वाली गाड़ियां और बाइक रैलियों के साथ यात्रा करते हैं, जिससे सड़कों पर भीड़ काफी बढ़ जाती है।
यात्रा के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर एक्स्ट्रा पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की मोबाइल टीमें लगातार अलग-अलग मार्गों पर गश्त करेंगी ताकि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। खासतौर पर डाक कांवड़ लेकर चलने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा, क्योंकि उन्हें बिना रुके अपनी यात्रा पूरी करनी होती है।
भारी गाड़ियों पर रहेगी रोक
कांवड़ यात्रा के दौरान निर्धारित मार्गों पर भारी गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इसके लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग और बैरियर लगाए जाएंगे। कासगंज की ओर से आने वाले श्रद्धालु मिरहची के रास्ते एटा जिले में प्रवेश करेंगे। रास्ते में पुलिस सहायता शिविर भी लगाए जाएंगे, जहां यात्रियों के लिए आराम और भोजन की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा कई मंदिर और धर्मस्थल भी श्रद्धालुओं की सेवा में लगे रहेंगे।
प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी वाहन पर आठ फीट से अधिक ऊंचा डीजे नहीं लगाया जाएगा। साथ ही वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाने या सामान लादने की भी अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। अधिकारियों का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
शहर में रहेगा सिंगल ट्रेक सिस्टम
कांवड़ यात्रा के दौरान शहर के कुछ हिस्सों में सिंगल ट्रेक सिस्टम लागू रहेगा। गंगाजल लेकर लौट रहे श्रद्धालु जिस रास्ते से गुजरेंगे, उसी रास्ते पर विपरीत दिशा से आने वाले कांवड़ियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह व्यवस्था मुख्य रूप से जीटी रोड पर लागू रहेगी। हालांकि अलीगंज रोड, गंजडुंडवारा रोड, सहावर रोड, आगरा रोड और शिकोहाबाद रोड पर दोनों दिशाओं से आवाजाही जारी रहेगी, लेकिन इन रास्तों पर भी भारी गाड़ियों का प्रवेश बैन रहेगा।
एएसपी श्वेताभ पांडेय के अनुसार, कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए बड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस 24 घंटे गश्त करेगी और हर महत्वपूर्ण स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ट्रेफिक रूल का पालन करें, पुलिस का सहयोग करें और कांवड़ यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सही से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।
यह भी पढ़ें: नंगे पाव कीचड़ में वृंदावन पहुंचे Anushka Sharma और Virat Kohli, नीम करोली बाबा के आश्रम में किए दर्शन


Download Android App
Download iOS App




