लखनऊ में रिवर फ्रंट पर लगेगी महाराणा प्रताप की प्रतिमा: अखिलेश यादव

Summary :

लखनऊ में लगेगी महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा: अखिलेश

अखिलेश यादव ने घोषणा की कि लखनऊ के रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने महाराणा प्रताप को सभी जातियों का प्रतीक बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर यह काम होगा। इसके अलावा, उन्होंने महाराणा प्रताप की जयंती पर दो दिन की छुट्टी की मांग की है।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि देश में महाराणा प्रताप की सबसे अच्छी प्रतिमा अगर कहीं लगेगी, तो वह लखनऊ में रिवर फ्रंट पर लगेगी और इसे लगाने का काम समाजवादी लोग मिलकर करेंगे। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने शुक्रवार को महाराणा प्रताप की जयंती के मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गोमती रिवर फ्रंट पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा लगाई जाएगी।

उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप किसी एक जाति के नहीं हैं, बल्कि सभी के हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के एजेंडे में कारोबार नहीं है, इसलिए सैकड़ों वर्षों से लग रहे मेलों का विरोध कर रही है। राजनीति में महापुरुषों को नहीं लाना चाहिए और उनसे राजनीतिक लाभ नहीं उठाना चाहिए। सभी महापुरुष हमारे-आपके हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में जब हमारी सरकार थी तो महाराणा प्रताप की जयंती पर हमने एक दिन की छुट्टी की थी। हमारी सरकार से मांग है कि आज जब हम उनके शौर्य और बलिदान को याद कर रहे हैं तो कम से कम भविष्य में इस अवसर पर दो दिन की छुट्टी घोषित की जाए, ताकि एक दिन हम तैयारी कर सकें और दूसरे दिन उसे उत्साह से मना सकें।

सपा अध्यक्ष अखिलेश ने इस अवसर पर भारतीय सेना के अदम्य शौर्य और साहस की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश की बहादुर सेना पर गर्व है। हम सब देश के साथ हैं। आपदा के समय समझदारी की और भी ज्यादा मांग हो जाती है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस दौरान लोगों से अफवाहों से भी बचने की अपील की। बता दें कि सपा मुखिया अखिलेश यादव इन दिनों जातियों की गोलबंदी करने में जुटे हैं। पहले उन्होंने फ्रंटल संगठनों को बूस्टअप किया। इसके बाद जातियों के सम्मेलन के जरिए संगठन को मजबूती देने में लगे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.