उत्तर प्रदेश के बिजली विभाग ने हापुड़ जिले के एक बुजुर्ग को एक जोरदार झटका दिया है। करीब 70 साल के शमीम को 1,28,45,95,444 रुपये का बिजली बिल मिला है और उनका बिजली लोड केवल दो किलोवाट है। हापुड़ के चामरी गांव में शमीम अपनी पत्नी के साथ रहते हैं।

शमीम ने बताया कि वह इस गलती को सुधरवाने के लिए बिजली विभाग भी गए थे, लेकिन वहां अधिकारियों ने कहा कि बिल का भुगतान करो अन्यथा बिजली वापस नहीं जोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा, “किसी ने हमारी फरियाद नहीं सुनी, हम कैसे इस रकम का भुगतान करेंगे? हम इसकी शिकायत करने गए थे, लेकिन हमसे कहा गया कि जब तक बिल का भुगतान नहीं होगा, बिजली वापस नहीं जोड़ी जाएगी।”
शमीम ने बताया कि उनका बिजली का मासिक बिल 700 से 800 रुपये के आसपास आता है। बुजुर्ग ने कहा, “लेकिन इस बार बिजली विभाग ने हमें पूरे शहर का बिल थमा दिया है।”

वहीं, लखनऊ में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, ऐसे में वह कुछ नहीं कह सकते। जब उन्हें इस बारे में बताया गया तो उन्होंने कहा कि यह तकनीकी खामी हो सकती है, जिसे सुधार लिया जाएगा। लेकिन तब तक, शमीम और उनके परिवार को अंधेरे में ही रहना पड़ेगा।


Download Android App
Download iOS App



