आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कई विपक्षी दलों का तीसरा मोर्चा बनाने की कोशिश की जा रही है और अगर ऐसा नहीं होता है तो उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने सोचा था कि यह एक नई समाजवादी पार्टी है और इसमें कुछ बदलाव होगा। हम सामाजिक न्याय के बारे में बात कर सकते हैं। हम बहुजन की एकता चाहते थे और हम उन पर (अखिलेश यादव) भरोसा कर रहे थे, लेकिन कल हमने महसूस किया कि हमारी उम्मीदें टूट गई हैं।’’
आजाद ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि अखिलेश यादव को हमारी जरूरत नहीं है, उन्हें शुभकामनाएं, वह अपना चुनाव लड़ सकते हैं और हम अपनी पार्टी की कोर कमेटी से चर्चा के बाद अपना चुनाव खुद लड़ेंगे।’’ उन्होंने कहा कि राज्य में बिखरे विपक्ष का तीसरा मोर्चा बनाने की कोशिश की जा रही है और यदि ऐसा नहीं होता है तो पार्टी अपनी कोर कमेटी से चर्चा के बाद अकेले अपने दम पर चुनाव लड़ेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक दलित के घर भोजन करने संबंधी सवाल पर आजाद ने कहा, ”वह (योगी) अभी भी उन्हें (दलितों को) अछूत मानते हैं और इसलिए वहां जाकर और खाकर अपनी बात साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। वह यह साबित करना चाहते हैं कि उनके साथ भोजन करके वह उन्हें सम्मान दे रहे हैं।”


Download Android App
Download iOS App



