मायावती ने की CM योगी से मांग, कहा- BJP सांसद के खिलाफ करें कड़ी कार्रवाई

Summary :

मायावती ने गुरुवार को कहा कि दलित वर्ग के तहसीलदार के साथ भाजपा सांसद द्वारा दुर्व्यवहार और मारपीट किये जाने की घटना शर्मनाक है और अफसोस की बात है कि आरोपी सांसद जेल जाने की बजाय खुलेआम बाहर घूम रहे हैं।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने कन्नौज में तहसीलदार के साथ मारपीट की घटना को शर्मनाक बताते हुए भाजपा सांसद के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किए जाने की मांग की है। मायावती ने गुरुवार को कहा कि दलित वर्ग के तहसीलदार के साथ भाजपा सांसद द्वारा दुर्व्यवहार और मारपीट किये जाने की घटना शर्मनाक है और अफसोस की बात है कि आरोपी सांसद जेल जाने की बजाय खुलेआम बाहर घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री को इस मामले में कठोर कदम उठाने की जरूरत है ताकि इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘‘ उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में अपनी ईमानदारी से ड्यूटी कर रहे एक दलित तहसीलदार के साथ अभी हाल ही में वहां के बीजेपी सांसद ने जो मार-पीट व दुर्व्यवहार आदि किया है, यह अति शर्मनाक है लेकिन दु:ख की बात यह है कि यह सांसद अभी भी, जेल में जाने की बजाय बाहर ही घूम रहे है, जिससे पूरे प्रदेश में दलित कर्मचारियों में जबर्दस्त रोष व्याप्त है। ऐसे में मुख्यमंत्री को चाहिये कि वे इस मामले में जरूर सख्त कदम उठायें ताकि यह सांसद आगे कभी भी ऐसी हरकत ना कर सके।

कोविड-19 : राजधानी में 669 पॉजिटिव केस की हुई पुष्टि, 426 निजामुद्दीन मरकज के मामले हैं शामिल

बसपा अध्यक्ष ने कहा कि  ‘‘पूरे प्रदेश में खासकर दलित कर्मचारियों के साथ, आगे ऐसा कोई भी बर्ताव ना हो तो इसके लिए भी इनको अपने इस सांसद के विरूद्ध तुरन्त कठोर कार्यवाही करनी चाहिए। बसपा की यह मांग है।’’ गौरतलब है कि कन्नौज के सदर तहसीलदार अरविंद कुमार ने भाजपा सांसद सुब्रत पाठक पर जाति सूचक शब्दों के इस्तेमाल और समर्थकों के साथ घर में घुस कर मारपीट करने का आरोप लगाया था। अरविंद ने सांसद से खुद की जान को खतरा भी बताया है। इस मामले में पुलिस ने सांसद समेत चार लोगों पर नामजद और 20 से 25 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

Desk Team