उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जोरदार तैयारी में जुटी बहुजन समाज पार्टी ने बड़ा कदम बढ़ाया है। पार्टी ने पहली बार प्रवक्ताओं की नियुक्ति की है। बसपा प्रमुख मायावती ने बड़ा बदलाव किया है और अब लोगों तक अपनी और पार्टी की बातें पहुंचाने के लिए तीन प्रवक्ताओं को नियुक्त किया है। पार्टी की विज्ञप्ति के अनुसार प्रवक्ता मीडिया से बातचीत करेंगे और मीडिया को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से अवगत कराएंगे।
पार्टी में अभी तक कोई भी आधिकारिक प्रवक्ता नहीं था। अभी तक पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती तथा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ही कोई बयान जारी करते थे, लेकिन अब पार्टी ने उत्तर प्रदेश के लिए तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति कर दी है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तथा राज्यसभा सदस्य सतीश चंद्र मिश्रा ने डॉ. एमएच खान, धर्मवीर चौधरी तथा फैजान खान की पार्टी के प्रवक्ता के रूप में नियुक्ति की है। इसके लिए सतीश चंद्र मिश्रा ने एक पत्र भी जारी किया है। पार्टी ने लंबे समय तक उत्तर प्रदेश में शासन किया। पार्टी ने काफी समय तक इससे पहले इंटरनेट मीडिया का प्रयोग भी नहीं किया था।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती बीते तीन वर्ष से ट्विटर पर बेहद सक्रिय हो गई हैं। लगभग हर दिन वह अपने विचारों को ट्वीट करती हैं। इसके साथ ही पार्टी के अन्य कई नेता भी अब इंटरनेट मीडिया पर बेहद सक्रिय हो गए हैं। पार्टी के सांसद तथा विधायक भी अपने क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करते हैं। पार्टी को तीन प्रवक्ता मिलने के बाद अब सक्रियता और भी बढ़ने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



