नवरात्र के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही उत्तर प्रदेश के संभल में चिकन और मांस की दुकानों पर ताले लटके नजर आए। हिंदू समुदाय के लोगों द्वारा नवरात्र के दौरान मांस की दुकानों को बंद रखने की मांग को लेकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था, जिसके बाद स्थानीय कारोबारियों ने अपनी दुकानें अस्थायी रूप से बंद कर दीं। संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जगत के पास स्थित चिकन की 12 दुकानों को पूरी तरह से बंद रखा गया। चिकन कारोबारी मोहम्मद नाजिम ने बताया कि नवरात्र को लेकर प्रशासन द्वारा उनसे दुकानें बंद रखने की अपील की गई थी, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा, हमसे कहा गया कि नवरात्र के दौरान रोड की दुकान बंद रखें, इसलिए हमने पुलिस प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए नौ दिन के लिए दुकानें बंद कर दी हैं।
नवरात्र को लेकर प्रशासन सख्त
उल्लेखनीय है कि नवरात्र के पर्व से पहले संभल प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इससे पहले संभल के लोगों ने स्थानीय प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने खुले में मीट की बिक्री करने पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही साफ-सफाई की भी अपील की है। संभल की एसडीएम वंदना मिश्रा ने आईएएनएस से कहा, संभल के कुछ लोगों ने एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें तीन बिंदुओं का जिक्र है। पहला बिंदु यह है कि सड़कों और धार्मिक स्थानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए।
खुले में मीट बिकने पर प्रतिबंध
इसके अलावा, दूसरा बिंदु है कि धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। तीसरे बिंदु के तहत धार्मिक स्थानों के आसपास खुले में बिक रहे मीट पर प्रतिबंध लगाने और उन पर कार्रवाई की मांग की गई है। वंदना मिश्रा ने बताया कि साफ-सफाई हर एक त्योहार पर होती है और इस बार भी यह सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही कानून व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं और खुले में मीट बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। संभल में आगामी त्योहारों के कारण पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है और पुलिस के जवान जिले में लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



