सावन के महीने में कई शिवभक्त कांवड़ यात्रा कर जाते हैं और महादेव को अभिषेक कराने के लिए जल लेकर आते हैं। कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए मेरठ पुलिस ने डीजे संचालकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दरअसल, 30 जुलाई से सावन शुरू हो रहा है और इसी के साथ कांवड़ यात्रा भी शुरू हो जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान कई घटनाएं होती है, सड़कों पर जाम की समस्या होती है और DJ संचालक सड़क पर अभद्र और आपत्तिजनक गाने भी चला देते हैं। इसी को लेकर कुछ दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, आइए जानते हैं…
कितनी होनी चाहिए DJ सिस्टम की ऊंचाई?
मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने कांवड़ यात्रा में जो DJ सिस्टम का इस्तेमाल होगा, उसकी ऊंचाई 12 फीट और चौड़ाई 10 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने DJ संचालकों से साउंड लेवल को भी निर्धारित सीमा के अंदर रखने को कहा है, ताकि आम लोगों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
इन गानों पर होगी रोक
कांवड़ यात्रा के दौरान DJ संचालकों को कहा गया है कि यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जिला प्रशासन की मदद करें। इसके साथ ही निर्देश दिया गया है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के अश्लील, आपत्तिजनक या भड़काऊ गाने या ऑडियो कंटेंट न बजाएं। ऐसे गाने जो धार्मिक और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ सकते हैं, उनपर पूरी तरह प्रतिबंध है।
प्रशासन द्वारा तय किए गए रास्तों से जाएं
मेरठ पुलिस ने डीजे संचालकों को ये भी निर्देश दिया है कि उनके वाहन की वजह से सड़कों पर जाम न लगे और अनावश्यक भीड़ जमा न हो। डीजे संचालकों को कहा गया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा तय किए गए रास्तों से जाएं। रूट बदलने और मनमाने तरीके से अपने वाहन ले जाने पर रोक है।
आपात स्थिति होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना देने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों ने सभी डीजे संचालकों को निर्देश दिया कि वे यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस के नियमों का पूरी तरह पालन करें और पुलिस का सहयोग करें ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही, यात्रा के दौरान कोई भी आपात स्थिति या दुर्घटना होने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या प्रशासन को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके। इन दिशा निर्देशों का मकसद कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है।


Download Android App
Download iOS App




