पिछले पांच साल में घटी मुलायम सिंह यादव की संपत्ति

Summary :

मुलायम ने सोमवार को नामांकन दाखिल करते वक्त शपथ पत्र में अपने पास 16 करोड़ 52 लाख 44 हजार 300 रुपये की चल-अचल संपत्ति होना जाहिर किया है।

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की सम्पत्ति में वर्ष 2014 की तुलना में तीन करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट आयी है। मुलायम यादव ने मैनपुरी सीट से सपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल करते वक्त हलफनामे में यह जानकारी दी है। मुलायम ने सोमवार को नामांकन दाखिल करते वक्त शपथ पत्र में अपने पास 16 करोड़ 52 लाख 44 हजार 300 रुपये की चल-अचल संपत्ति होना जाहिर किया है।

यह वर्ष 2014 में बतायी गयी सम्पत्ति से तीन करोड़ 20 लाख 15 हजार 517 रुपये कम है। तब हलफनामे में उन्होंने अपने पास 19 करोड़ 72 लाख 59 हजार 817 रुपये की सम्पत्ति होने की जानकारी दी थी। मुलायम पर एक मुकदमा भी दर्ज है। उनके शपथपत्र में फोन पर धमकी देने के आरोप में आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर द्वारा 24 सितम्बर 2015 को लखनऊ के हजरतगंज थाने में दर्ज कराए गए मुकदमे का जिक्र किया गया है।

Mulayam Singh

मुलायम सिंह यादव ने मैनपुरी लोकसभा सीट से किया नामांकन

यह मामला लखनऊ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में विचाराधीन है। शपथपत्र में मुलायम ने खुद को अपने पुत्र सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का कर्जदार भी बताया है। हलफनामे के अनुसार उन्होंने अखिलेश से दो करोड़ 13 लाख 80 हजार रुपये कर्ज लिया है।

मुलायम द्वारा दाखिल किए गए शपथ पत्र में उन्होंने वित्तीय वर्ष 2017-18 में 32 लाख 02 हजार 615 रुपये की कुल आमदनी दिखायी है जबकि उनकी पत्नी साधना यादव की आय 25 लाख 61 हजार 170 रुपये बताई गई है। साधना के पास पांच करोड़ छह लाख 86 हजार 842 रुपये की संपत्ति है। शपथ पत्र के मुताबिक, मुलायम के पास कार नहीं है। हालांकि उनकी पत्नी एक लग्जरी कार की मालकिन हैं।

Desk Team