मुंबई में मनसे नेता की हत्‍या का आरोपी लखनऊ से हुआ गिरफ्तार

Summary :

उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने मुंबई में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता एवं आरटीआई कार्यकर्ता जमील अहमद शेख की हत्‍या के आरोपी इरफान सोनू शेख मंसूरी उर्फ राजधनिया को शनिवार को यहां लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया।

मनसे नेता की महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 23 नवंबर, 2020 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। एसटीएफ के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस को इस मामले में यह जानकारी मिली थी कि गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के खीरिया निवासी इरफान सोनू ने यह हत्या की थी।
एसटीएफ के अनुसार सोनू को मुखबिर की सूचना पर राजधानी के विभूतिखंड थाना क्षेत्र के कठौता झील चौराहे के पास से शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सोनू ने बताया कि 23 नवंबर को मुंबई में ओसामा नाम के एक व्यक्ति ने उसे बुलाकर हत्या की सुपारी दी थी।
सोनू के अनुसार हत्या का सौदा कितने रुपये में हुई, यह उसे नहीं पता लेकिन उसको दो लाख रुपये मिलने थे। सोनू ने बताया कि यह हत्या राकांपा के एक नेता के कहने पर की गई थी। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए महाराष्‍ट्र पुलिस की अपराध शाखा के सुपुर्द किया गया है।

Desk Team