राज्यसभा सदस्य और समाजवादी पार्टी के पूर्व वरिष्ठ नेता अमर सिंह ने दावा किया है कि इस लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवाद ने जातिवाद को ढक लिया है। यही कारण है कि भाजपा एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी। अमर सिंह ने कहा कि भाजपा निश्चित रूप से एक बार फिर केन्द्र में पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी, क्योंकि इस बार जातिवाद पर राष्ट्रवाद हावी हो चुका है और चुनावी फिजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के माफिक बन चुकी है।
उन्होंने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव और इस दफा के चुनाव के बीच अंतर का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली बार देश में ‘नमो लहर’ थी लेकिन इस बार लोग मोदी द्वारा पिछले पांच साल के दौरान कराये गये विकास कार्यों को देखकर वोट दे रहे हैं। अमर सिंह ने कहा कि आयुष्मान योजना से लेकर उज्ज्वला योजना और सौभाग्य योजना समेत अनेक कल्याणकारी कार्यों तक भाजपा सरकार ने सभी क्षेत्रों में काम किया है और आम आदमी की जिंदगी में नयी उम्मीद जगायी है।
उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन के बारे में अमर सिंह ने कहा ”बसपा अध्यक्ष मायावती जी सपा कार्यकर्ताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ा रही हैं। इससे एक राजनीतिक दल के रूप में सपा के पतन का पता चलता है।” सपा से निष्कासित किये जा चुके अमर सिंह ने पार्टी नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में दल ने उत्तर प्रदेश की 39 लोकसभा सीटें जीती थीं, मगर जब से अखिलेश यादव के हाथ में पार्टी की कमान आयी है, तब से सपा की सीटों की संख्या में लगातार कमी आयी है।
कभी मुलायम के सबसे विश्वसनीय साथी रहे अमर सिंह ने सपा संस्थापक पर ही तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा ”वह दोहरी बाते करते हैं। उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उन्होंने अपने बेटे अखिलेश का साथ देने के लिये शिवपाल और मुझे दोनों को ही धोखा दिया है।” भाजपा के साथ अपनी बढ़ती नजदीकियों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह भाजपा के सदस्य नहीं हैं मगर वह मोदी के लिये रामपुर में जनसभा को सम्बोधित करने गये थे।
रामपुर से सपा प्रत्याशी आजम खान द्वारा अपनी प्रतिद्वंद्वी जया प्रदा के खिलाफ की गयी अभद्र टिप्पणी के बारे में अमर सिंह ने कहा कि खान के बयान खुद उन्हीं को नुकसान पहुंचा रहे हैं। हमारी बेटियों और बहनों का सम्मान किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि खान की पराजय रावण का पुतला जलाने जैसी बात होगी। रामपुर का हर नागरिक इस शख्स (खान) और जया प्रदा को ‘अनारकली’ कहने वाले उसके बेटे (अब्दुल्ला) को माकूल जवाब देगा। अमर सिंह ने आरोप लगाया कि मुस्लिम मतदाताओं को खुश करने के लिये सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने आजम खान को खुली छूट दे रखी है।


Download Android App
Download iOS App



