नीदरलैंड के राजदूत मार्टेन वैन डेन बर्ग ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार को शिष्टाचार भेंट की और विशेष रूप से उत्तर प्रदेश से अपने देश के रिश्तों को और प्रगाढ़ करने के संबंध में विचार-विमर्श किया।
राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने इस आशय की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने इस मौके पर कहा कि उत्तर प्रदेश और नीदरलैंड कई क्षेत्रों में मिलकर कार्य कर रहे हैं। इसके तहत प्रदेश में अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ ठोस अपशिष्ट प्रबन्धन तथा जल प्रबन्धन के क्षेत्रों में भी कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण के साथ-साथ पुष्प उत्पादन एवं डेयरी उद्योग में आधुनिक तकनीक का प्रयोग किसानों की आय को दोगुना करने में मददगार सिद्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश असीम सम्भावनाओं वाला प्रदेश है और निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश सरकार ने आकर्षक नीतियां लागू की हैं। विदेशों से निवेश आकर्षित करने के लिए प्रदेश में सकारात्मक माहौल स्थापित किया गया है।
नीदरलैंड के राजदूत ने वर्ष 2019 की अपनी पिछली प्रदेश यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने इस अवधि में राज्य में हुए तेज विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश द्वारा ‘ईज ऑफ डुईंग बिजनेस’ रैंकिंग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया जाना प्रभावित करता है और यह उपलब्धि राज्य द्वारा निरन्तर किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है।
राजदूत ने कहा कि डेयरी क्षेत्र में नीदरलैंड प्रदेश को सहयोग प्रदान करने का इच्छुक है। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक डेयरी तकनीक में पारंगत करने के लिए नीदरलैंड द्वारा प्रदेश में एक प्रशिक्षण केन्द्र स्थापित किया जा सकता है।
भेंट के दौरान मुख्यमंत्री ने राजदूत को प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना’ के सम्बन्ध में अवगत कराया और उन्हें वाराणसी के गुलाबी मीनाकारी के उत्पाद भेंट किए।


Download Android App
Download iOS App



