समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी बहुत चालाकी कर रही है, लेकिन साल 2024 में उन्हें सत्ता छोड़नी होगी। यह बात उन्होंने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान कही। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि बीजेपी चाहे कितनी भी कोशिश कर ले, वह केंद्र सरकार में वापस नहीं आ पाएगी। लोग भाजपा की नीतियों से थक चुके हैं जो उनके लिए अच्छी नहीं हैं। जनता को यह एहसास हो गया है कि भाजपा ने जो वादे किये थे वे सच्चे नहीं थे। अब लोग मौजूदा हालात से काफी अधीर हो रहे हैं.
समाजवादियों को सरकार में नहीं आने दिया
उन्होंने कहा कि जबसे पीडीए की चर्चा आई है भाजपा में घबराहट बढ़ गई है। समाज का हर वर्ग महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आक्रोशित है। यह पार्टी देश को बर्बाद करने पर तुली है। उसका इरादा समाज को बांटने का है। 2022 का विधानसभा चुनाव भाजपा ने धांधली और सत्ता का दुरुपयोग करके जीता। इन्होंने साजिश से समाजवादियों को सरकार में नहीं आने दिया। मतदान से लेकर मतगणना तक में धांधली की गई। मात्र साढ़े तीन लाख वोटों के अंतर से 2022 का चुनाव परिणाम प्रभावित करके भाजपा ने सरकार बनायी थी।
संविधान से देश की व्यवस्था चलनी चाहिए
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा के कारण लोकतंत्र खतरे में है। संवैधानिक संस्थाओं को इरादतन कमजोर कर रही है। प्रशासन में भेदभाव के जहर बो रही है। समाजवादी पार्टी की मान्यता है कि संविधान से देश की व्यवस्था चलनी चाहिए। संविधान बचेगा तभी लोकतंत्र बचेगा।


Download Android App
Download iOS App



