नोएडा : बारात में हर्ष फायरिंग से ढाई साल के बच्चे की मौत

Summary :

गुरुग्राम से आई बारात में फायरिंग, ढाई साल के बच्चे की जान गई

नोएडा के थाना सेक्टर 49 क्षेत्र के गांव अग्गहपुर में गुरुग्राम से आई बारात में हुई हर्ष फायरिंग में एक ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई है, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन टीमों का गठन किया है और आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर 49 थाना क्षेत्र के अग्गहपुर गांव से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां हर्ष फायरिंग के कारण एक ढाई साल के बच्चे की जान चली गई। यह घटना शादी समारोह के दौरान हुई, जिससे खुशियों का माहौल शोक में बदल गया। वहीं, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

बताया जाता है कि 16 फरवरी को देर रात बारात आई थी और बच्चा बाहर बारात देख रहा था। इसी दौरान फायरिंग हुई और गोली बच्चे के सिर में लग गई। बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। फायरिंग से आसपास हड़कंप मच गया और इलाके में दहशत फैल गई।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे के पिता और मामा को हिरासत में लिया और उनसे पूछताछ की। परिजनों ने पुलिस से आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे डेड बॉडी के साथ थाने पर धरना देंगे।

डीसीपी राम बदन सिंह ने जानकारी दी कि 16 फरवरी को अग्गहपुर गांव में गुरुग्राम से आई बारात के दौरान फायरिंग की घटना घटी, जिसमें ढाई साल के अंश शर्मा नामक बच्चे को गोली लगी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान हो चुकी है, उसका नाम हैप्पी है और वह गुरुग्राम के उसी गांव का रहने वाला है, जहां से बारात आई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है, जो जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.