भाजपा की पूर्व सहयोगी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के नाम पर 1400 करोड़ रुपये का घोटाला होने का आरोप लगाया और कहा कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर चुनाव के लिए चन्दा जुटा रही है। हालांकि राजभर ने अपने आरोप को पक्ष में कोई प्रमाण पेश नहीं किए।
राजभर ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए रोजाना 100-100 करोड़ रुपए का चंदा आ रहा है। उन्होंने कहा कि आखिर मंदिर बनाने पर कितना धन खर्च होगा, मंदिर बनाने के नाम पर 14 सौ करोड़ रुपए का घोटाला किया गया है और भाजपा राम मंदिर के नाम पर आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चंदा जुटा रही है।
मऊ से बसपा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी और पूर्व सांसद अतीक अहमद के विरुद्ध उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार इसके जरिए हिन्दू-मुसलमान की राजनीति कर रही है। राजभर ने कहा, ‘‘ मुख़्तार अंसारी के खिलाफ 15 मुकदमे हैं, जबकि माफिया से राजनेता बने बृजेश सिंह के खिलाफ 105 मुकदमे दर्ज हैं। धनंजय सिंह और अभय सिंह के खिलाफ 100-100 मुकदमे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नही की जा रही? भाजपा सरकार को केवल मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद ही क्यों दिखाई दे रहे हैं।’’
एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी से गठबंधन के बाद भाजपा के निशाने पर आये राजभर ने कहा, “भाजपा नेताओं शाहनवाज हुसैन और मुख्तार अब्बास नकवी ने हिन्दुओं से रोटी-बेटी का सम्बंध बनाया है, लेकिन ओवैसी से गठबंधन करने पर भाजपा नेता मुझे बोल रहे हैं कि ओम प्रकाश नमाज पढ़ने जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के बारे में बातें करते हुए भावुक हो जाते हैं, दूसरी तरफ भाजपा नेता हिन्दू और मुस्लिम की राजनीति करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



