लोकभवन के सामने मां-बेटी द्वारा आत्महत्या के प्रयास पर विपक्ष ने सरकार को घेरा, अखिलेश-मायावती ने कही ये बात

Summary :

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोकभवन के सामने शुक्रवार को मां बेटी ने आत्मदाह करने के प्रयास पर विपक्षी दलों बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लोकभवन के सामने शुक्रवार को मां बेटी ने आत्मदाह करने के प्रयास पर विपक्षी दलों बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। 
बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘जमीन विवाद मामले में अमेठी जिला प्रशासन से न्याय न मिलने पर मां-बेटी को लखनऊ में मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने आत्मदाह (का प्रयास) करने को मजबूर होना पड़ा। उत्तर प्रदेश सरकार इस घटना को गम्भीरता से ले, पीड़ितों को न्याय दे और लापरवाह अफसरों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई करे ताकि ऐसी घटना पुनः न हों।’’ 

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘लोकभवन के सामने दो महिलाओं द्वारा आत्मदाह (के प्रयास) की घटना सोती हुई सरकार को जगाने के लिए क्या काफी नहीं है या फिर असंवेदनशील सरकार एवं मुख्यमंत्री जी किसी और बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं। क्या उत्तर प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज़ है !” 

Desk Team