उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में स्थानीय लोगों ने बच्चा चोरी के शक में एक युवक की बुरी तरह से पिटाई कर दी और इसके विरोध में दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। घटना थाना राजमार्ग क्षेत्र की शंकर विहार कॉलोनी की है।
सूचना मिलने पर कॉलोनी पहुंची पुलिस ने जब युवक को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की तब भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिस अधिकारियों की कार्रवाई का विरोध करते हुए एसपी सिटी के साथ अभद्रता की। इस दौरान लोगों ने पुलिस अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव भी किया।
बाद में अन्य थानों से पहुंचे पुलिस बल ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया और मामले में संदिग्ध युवक समेत कई लोगों को हिरासत में लिया। कॉलोनी के आसपास एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को शंकर विहार कॉलोनी से छह वर्षीय एक बच्चा अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था।
कई घंटे की खोजबीन के बाद बच्चे का शव पास के एक चारदिवारी के सहारे पड़ा मिला था। घटना की वजह से लोगों में काफी आक्रोश था। इसी दौरान लोगों ने जब युवक को संदिग्ध हालत में वहां घूमते देखा, तो उन्होंने उसे बच्चा चोर गिरोह का सदस्य समझकर उसकी पिटाई कर दी।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने जब संदिग्ध युवक को बचाने का प्रयास किया तो लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और उनकी गाड़ी पर पथराव शुरु कर दिया। अधिकारी ने बताया, “शुक्रवार को शंकरपुरी कॉलोनी में जिस तरह से हंगामा हुआ और पुलिस पर पथराव किया गया, ऐसा प्रतीत होता है सब कुछ सुनियोजित था। इसलिए करीब 18 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। कानून हाथ में लेने वाले, पुलिस के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।”
ऐसा ही एक मामला कृष्णानगर की ओम नगर कॉलोनी में भी सामने आया है, जहां लोगों ने एक युवक को कच्छा बनियानधारी गिरोह का सदस्य होने के शक में पीट डाला। हालांकि चौकी प्रभारी प्रेमनारायण शर्मा ने कहा, “पूछताछ के बाद पता चला कि युवक पर संदेह करने का कोई आधार नहीं है।”


Download Android App
Download iOS App



