उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों को कारपोरेट घरानों का गुलाम बनाने वाला कानून भाजपाई सत्ता के विरुद्ध जनआंदोलन का मुख्य कारण बन गया है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा बहुमत के बल पर विपक्ष की अनदेखी कर रही है। किसानों के खिलाफ जो काला कानून पास किया है। उसे नजरअंदाज करना भारी पड़ेगा। यही कानून भाजपा के खिलाफ जनआंदोलन का मुख्य कारण बना है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के झूठे प्रचार की अब हर दिन पोल खुल रही है। मंडियों में काम करने वाले लाखों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। किसान भी मारे-मारे घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति और नीयत दोनों किसान हितों के विरोध की है। उसने वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने, लागत से डेढ़ गुना ज्यादा फसल की कीमत देने तथा कर्जमाफी के वादे किए थे। इनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि किसानों से भाजपा राज में जबरन जमीनें छीनी जा रही हैं। उन्हें उचित मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



