रेल मंत्री पीयूष गोयल एवं उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने वाराणसी में चुनावी सभाएं करप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए वोट मांगे। पीयूष गोयल ने सोमवार रात मलदहिया इलाके में आयोजित एक सभा में काशीवासियों से शत प्रतिशत वोट कर इतिहास रचने की अपील की।
उन्होंने लायंस क्लब वाराणसी सिल्क सिटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लोगों को मतदान का महत्व याद दिलाते हुए उन्हें शपथ दिलाई। उन्होंने एक अन्य कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरुक करने की नसीहत देने के साथ ही मोदी की उपब्धियां लोगों तक पहुंचाने और उनके पक्ष में भारी वोट करने की अपील की।
लोकसभा चुनाव 2019 : अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी और कैबिनेट सहयोगियों की साख दांव पर!
इससे पहले केशव प्रसाद मौर्य ने देर शाम चौका घाट इलाके के ढेलवरिया में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और राष्ट्रीय लोक दल के साथ कांग्रेस पर जमकर हमले किए। उन्होंने कहा कि गठबंधन भाजपा के विजय रथ को नहीं रोक पायेगा और वर्ष 2014 से भी बेहतर परिणाम के साथ केंद्र में एक बार फिर पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि 23 मई को पता चलेगा कि कौन कितने पानी में है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी में मोदी को एक बार फिर जनता का पूरा प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है। वह अपना पिछला रिकॉर्ड तोड़कर फिर संसद में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करेंगे। मोदी के कार्यकाल को भ्रष्टाचारियों एवं आतंकियों पर प्रहार करने वाला बताते हुए उन्होंने कहा कि वाराणसी ही नहीं, पूरे देश में इन मुद्दों को अहमियत दी जा रही है। जनता न तो गठबंधन और न ही कांग्रेस के भ्रामक प्रचार के जाल में फंसने वाली है।


Download Android App
Download iOS App




