यमुना विकास प्राधिकरण नोएडा हवाईअड्डे के पास सेक्टर 28, 29 में फर्नीचर पार्क बनाने की तैयारी कर रहा है,इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह ने बताया कि क्षेत्र में हैंडीक्राफ्ट, अपैरल व एमएसएमई पार्क की सफलता के बाद अब नोएडा एयरपोर्ट के पास सेक्टर 28, 29 में फर्नीचर पार्क बनाने का फैसला किया गया है।
उन्होंने बताया कि 300 एकड़ में इस पार्क को विकसित किया जाएगा। इस पार्क के विकसित होने से देशभर की फर्नीचर उत्पाद से जुड़ी कंपनियां व कारीगर इससे जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि इसमें 1,700 करोड़ रुपए के निवेश होने के आसार हैं। सीओ ने बताया कि जेवर में हवाई अड्डा बनने से यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक निवेश तेजी से बढ़ा है, प्राधिकरण की तरफ से भी कई योजनाएं शुरू की गईं और सभी योजनाएं सफल रही हैं।
उन्होंने बताया कि प्राधिकरण की योजना है कि फर्नीचर पार्क से देश के प्रसिद्ध कारीगर भी जुड़े। इसके लिए उन जगहों के इस व्यापार से जुड़े संगठनों से संपर्क किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खासतौर से सहारनपुर व बरेली के कारीगरों को इससे जोड़ने के प्रयास हैं। सीईओ ने बताया कि फर्नीचर पार्क को नए साल में शुरू करने की तैयारी है।


Download Android App
Download iOS App



