उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की शाम ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर घर तिरंगा नारा अब जन आंदोलन बन गया है।
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय से मंगलवार को जारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘आजादी का अमृत महोत्सव‘ के उपलक्ष्य में नौ अगस्त क्रांति दिवस से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस तक ‘स्वतंत्रता सप्ताह‘ के अंतर्गत आयोजित ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान में व्यापक जनसहभागिता के उद्देश्य से मंगलवार को जागरूकता रैली की शुरुआत की। यहां मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में योगी ने रैली को हरी झंडी दिखाते हुए प्रदेशवासियों से ‘हर-घर तिरंगा‘ अभियान में उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हर घर तिरंगा नारा अब जन आंदोलन बन गया है।
भारतीय जनता पार्टी के हर घर तिरंगा अभियान की प्रदेश में शुरुआत के साथ नौ एवं 10 अगस्त के लिए प्रदेश के सभी 1918 मंडलों (संगठन की प्रखंड स्तर की इकाई) में तिरंगा यात्रा के साथ पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता आम जन के साथ जनजागरण के लिए गली, मोहल्लों, शहरों, गांवों के लिए निकलेंगे। इसके साथ ही 11 एवं 12 अगस्त को महापुरुषों की प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता अभियान तथा 13, 14 एवं 15 अगस्त के हर घर तिरंगा अभियान के लिए भी कार्यकर्ता निकलेंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूरा देश अपनी आजादी के अमृत महोत्सव की भव्य तैयारी कर रहा है। ऐसे वक्त में तिरंगा यात्रा जन जागरूकता का सशक्त माध्यम बन चुका है, जो राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत अपने राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति हम सबके मन में श्रद्धा और सम्मान का भाव जागृत कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यह मौका इस देश की आजादी के लिए जिन अमर सपूतों ने अपना बलिदान दिया था, उन सबको नमन, स्मरण और उनके आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त करने का हमारे लिए अवसर लेकर आया है। योगी ने इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आप सब भारत के आन, बान और शान के प्रतीक तिरंगा को हर घर तक पहुंचाने के लिए आगे बढ़ रहे हैं, जो देश के 135 करोड़ नागरिकों के जीवन में व्यापक परिवर्तन का आधार बनेगा।


Download Android App
Download iOS App



