कोरोना वायरस (कोविड-19) की रोकथाम के लिए लगाए गए देशव्यापी लॉकडाउन का लोगों से पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा अनोखे और दिलचस्प कदम उठाए जा रहे हैं। इसी चरण में बहराइच पुलिस ने अनूठा प्रयोग करते हुए अब ‘यमराज’ को सड़कों पर उतारा है। हालांकि इससे पहले भी कई स्थानों पर यमराज को सड़कों पर ला चुकी है।
बहराइच के बौंडी थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस बल के साथ भारी भरकम यमराज रूप धारी एक व्यक्ति माइक हाथ में लेकर सोशल डिस्टन्सिंग, मास्क के प्रयोग, सेनेटाइजर और लॉकडाउन पालन का प्रचार करते दिखाई दिया। गांवों और कस्बों की सड़कों पर निकले यमराज नाटकीय अंदाज में कह रहे हैं “लाकडाउन कोई नहीं तोड़ेगा, गैर जरूरी कारण घर से बाहर नहीं निकलना है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना मरीजों की संख्या हुई 480, अब तक 5 लोगों की गई जान
गमछा हो या रूमाल या मास्क, चेहरा ढक कर रखना है, साबुन से बार बार हाथ धोना है, सेनेटाइजर का इस्तेमाल करना है, हर किसी से एक दो मीटर दूर रहना है। उसी में भलाई है।” ‘यमराज’ लॉकडाउन तोड़ने वालों को नसीहत देते हैं ”याद रखना, हमें नियमों का पालन करना है। यदि उल्लंघन होगा तो मैं स्वयं यमराज हूं, मैं ही कोरोना हूं। बता देता हूं, नहीं मानोगे तो धरती इंसानों से खाली हो जाएगी। मैं सबकी मृत्यु का कारण बन जाऊंगा। लापरवाही की तो अपने साथ ले जाऊंगा।”
बौंडी थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर ब्रह्मानंद सिंह ने बताया कि उनके थाने के पुलिस कर्मी लवकुश मिश्रा को अभिनय का शौक है। नौकरी में आने से पूर्व वह रामलीला में अभिनय किया करते थे। ब्रह्मानंद सिंह ने कहा कि वैश्विक महामारी से लोगों को बचाने के लिये हमने अपने क्षेत्र में यह प्रयोग किया है। निश्चित ही प्रयोग सफल होता दिख रहा है और जो इक्का दुक्का लोगों के पुलिस के पीठ पीछे लाकडाउन तोड़ने की खबरें आ रही थीं वह नगण्य हो चली हैं।


Download Android App
Download iOS App



