लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एच.सी. अवस्थी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर रविवार को 14 घंटे के ‘जनता कर्फ्यू’ के दौरान कहीं भीड़ एकत्र होने की स्थिति में लोगों से शालीनता से पेश आने को कहा है। डीजीपी ने शनिवार को सभी क्षेत्रीय, परिक्षेत्रीय और जिला पुलिस प्रमुखों को दिये गये निर्देश में कहा कि ‘जनता कर्फ्यू’ के दौरान कहीं भी भीड़ न जुटने पाये लेकिन अगर किसी कारण से ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है तो पूरे धैर्य एवं शालीनता के साथ उनसे अपने घर में रहने की अपील की जाए।
उन्होंने कहा कि रविवार सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक ‘जनता कर्फ्यू’ के दौरान पुलिस लोगों को उनकी सुरक्षा के मद्देनजर इस कर्फ्यू के महत्व के बारे में बताए और यह सुनिश्चित करे कि वे अपने-अपने घरों में लौट जायें। अवस्थी ने कहा कि पुलिस शनिवार रात से ही व्यापक गश्त शुरू करे। यह गश्त सिर्फ मुख्य रास्तों तक ही सीमित न रहकर शहरों और कस्बों के अन्दर की गलियों, मोहल्लों और दूरदराज के गांवों तक हो। गश्त के दौरान पुलिस कर्मियों को मास्क, ग्लब्स एवं सेनेटाइजर उपलब्ध कराया जाये।
डीजीपी ने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जनता कर्फ्यू के दौरान पुलिस और चिकित्सा विभाग की टोलियां अत्यधिक चौकसी बनाए रखते हुए लगातार गश्त करती रहें।


Download Android App
Download iOS App



