Prayagraj rape case : प्रयागराज में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक वकील ने कथित तौर पर मदद के नाम पर युवती को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोप है कि आरोपी ने युवती को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेसुध किया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद गलती मानते हुए पूजा के मंदिर से सिंदूर उठाकर उसकी मांग भर दी और शादी का झूठा नाटक रचा।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने दो बार जबरन उसका गर्भपात कराया और फिर किसी दूसरी लड़की से शादी तय कर ली। विरोध करने पर आरोपी ने अपने सगे भाई के साथ मिलकर युवती का गला घोंटकर उसे जान से मारने की कोशिश की।
कचेहरी में मुलाकात से शुरू हुआ धोखे का खेल
मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के मांधाता क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता प्रयागराज के तेलियरगंज इलाके में किराए पर रहती है। दर्ज शिकायत के मुताबिक, करीब एक साल पहले जिला कचेहरी में उसकी मुलाकात नवाबगंज के लालगोपालगंज निवासी रोहित कुमार यादव उर्फ राहुल यादव से हुई थी। खुद को अधिवक्ता बताने वाले रोहित ने मदद का भरोसा देकर युवती का मोबाइल नंबर ले लिया। बातचीत के दौरान आरोपी उसके तेलियरगंज स्थित कमरे पर भी आने-जाने लगा।
एक दिन रोहित खाने का सामान और कोल्ड ड्रिंक लेकर उसके कमरे पर पहुंचा। कोल्ड ड्रिंक पीते ही युवती बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। होश में आने पर जब पीड़िता ने विरोध जताया, तो रोहित ने प्यार का नाटक करते हुए कमरे के मंदिर में रखे सिंदूर से उसकी मांग भर दी और शादी का वादा कर फिर शारीरिक संबंध बनाए।
जबरन कराया गर्भपात
आरोपी शादी का झांसा देकर लगातार युवती का दैहिक शोषण करता रहा। इस दौरान युवती दो बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने जबरन दवाएं खिलाकर उसका अबॉर्शन करा दिया। पीड़िता को जब पता चला कि रोहित की शादी कहीं और तय हो गई है, तो उसने शादी का दबाव बनाया। इसके बाद आरोपी ने आना-कानी शुरू कर दी और कमरे पर आकर पीड़िता के साथ मारपीट करने लगा।
वारदात का सबसे खौफनाक पहलू 22 जून को सामने आया। शाम के वक्त रोहित अपने सगे भाई प्रशांत यादव के साथ युवती के कमरे पर पहुंचा। प्रशांत ने पहले तो उसे ‘भाभी’ कहकर मीठी बातें कीं, फिर दोनों भाइयों ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि प्रशांत ने जान से मारने की नीयत से उसका गला दबा दिया। किसी तरह खुद को छुड़ाकर पीड़िता बाहर की तरफ भागी और शोर मचाया।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर वकील रोहित कुमार यादव और उसके भाई प्रशांत के खिलाफ शिवकुटी थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App




