नूपुर शर्मा (Nupur Sharma) के विरोध के दौरान प्रयागराज में हुई हिंसा (Prayagraj Violence) के मुख्य आरोपी के खिलाफ एक्शन जारी है, दरअसल उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हिंसा और उपद्रव की वारदात के मास्टरमाइंड मोहम्मद जावेद अहमद उर्फ जावेद पंप (Javed Pump) के खुल्दाबाद थाना इलाके में मौजूद आलीशान घर को बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा है।
12 बजे शुरू हो गई थी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शनिवार को खुल्दाबाद के अटाला चौक इलाके में स्थित जावेद के मकान को बुलडोजर से ध्वस्त करने की औपचारिकताएं पूरी कर रविवार को दोपहर लगभग 12 बजे मकान की बाहरी दीवार गिराना शुरु कर दिया। इस दौरान पीडीए के सचिव और पुलिस एवं प्रशासनिक महकमों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
अतिक्रमण का विरोध करते हुए ध्वस्त किया जा रहा मकान
पीडीए के 2 बुलडोजरों ने जावेद के दो मंजिला मकान को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरु कर मकान की बाहरी दीवार को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद मकान के भीतरी हिस्से में कुछ लोगों के मौजूद होने की आशंका के मद्देनजर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया। पुलिस एवं पीडीए के अधिकारियों ने मकान के अंदर प्रवेश कर यह सुनिश्चित किया कि मकान गिराये जाते समय कोई अंदर न रहे। इस बीच मकान के अंदर मौजूद सामान को भी मजदूरों की मदद से बाहर निकलवा कर सूचीबद्ध किया गया।
गौरतलब है कि पीडीए ने जावेद के घर पर शनिवार को ही नोटिस चस्पा कर दिया था। नोटिस में उसके मकान को पीडीए की जरूरी मंजूरी लिये बिना बनाये जाने एवं अतिक्रमण करने का आरोप लगाते हुए रविवार को दिन में 11 बजे तक खाली करने की मोहलत दी गयी थी।
मौके पर मौजूद है पुख्ता सुरक्षा दल
मकान को ध्वस्त करने की तैयारियों के चलते पीडीए के अनुरोध पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्यबल (आरएएफ) और पीएसी की एक एक कंपनी के अलावा कई थानों के पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया है। मकान ध्वस्त किये जाने के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
जावेद पंप के मकान को ध्वस्त किये जाने के दौरान पीडीए के अला अधिकारियों के अलावा जिला प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई वाले स्थान पर पहुंच गये हैं। गौरतलब है कि पुलिस ने जावेद पंप को शनिवार को ही हिरासत में लिया था।


Download Android App
Download iOS App



