डोनाल्ड ट्रंप आज शाम को आगरा के ताजमहल का दीदार करने के लिए पहुंचेंगे। आगरा अमेरीकी राष्ट्रपति के स्वागत करने के लिए तैयार है। आगरा के गोलचक्करों पर ट्रम्प के अभिनंदन वाले बड़े बड़े होर्डिंग और अमेरिकी एवं भारतीय झंडे लगे हुए हैं। ट्रंप के आगरा आने से कुछ घंटे पहले सुरक्षा कारणों से ताजमहल में सैलानियों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति के आगरा आने पर परंपरा के अनुरूप शहर के महापौर उन्हें चांदी की चाबी भेंट करेंगे। यहां की परम्परा रही है कि जब भी कोई अतिविशिष्ट व्यक्ति शहर में आता है तो उसे प्रतीक स्वरूप शहर की चाबी भेंट की जाती है जिसका उद्देश्य यह होता है कि आप शहर का ताला खोलकर प्रवेश कीजिये। उन्होंने बताया, ‘‘ट्रंप को दी जाने वाली चाबी एक फुट लंबी है और इसके निर्माण में 600 ग्राम चांदी का इस्तेमाल हुआ है, जिस पर ताजमहल की आकृति बनी हुई है।’’
आगरा के जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह के अनुसार, ‘‘ट्रंप शाम सवा पांच बजे ताज महल परिसर पहुंचेंगे और करीब एक घंटा यहां रुकेंगे। लोग सुबह ताज महल देख सकते हैं लेकिन टिकट पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक ही जारी किए जाएंगे। इसके बाद परिसर को ट्रंप की यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंधों के मद्देनजर खाली करा दिया जाएगा।’’ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के प्राधिकारियों ने ट्रंप की यात्रा के मद्देनजर ताजमहल में मुगल बादशाह शाहजहां और उनकी पत्नी मुमताज महल की कब्रों को मिट्टी के लेप से चमकाया है।

ताजमहल के परिसर में संगमरमर और चूनापत्थर को साफ किया जा रहा है। मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की मौत के बाद उनकी याद में 17वीं शताब्दी में ताजमहल बनवाया था। इसका निर्माण करीब 20 वर्षों में पूरा हुआ था। ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप के दौरे के मद्देनजर न केवल ताजमहल बल्कि पूरे आगरा शहर में भी तैयारियां की गई हैं।

आगरा के संभागीय आयुक्त अनिल कुमार ने बताया, ‘‘ हम पूरी तरह से तैयार हैं। खेरिया हवाईअड्डे पर संभवत: चार बजकर 30 मिनट पर ट्रंप के आगमन के समय सैंकड़ों कलाकार ‘मयूर नृत्य’ प्रस्तुत करेंगे।’’ आगरा के जिलाधिकारी सिंह ने बताया ‘‘उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेरिया हवाई अड्डे पर ट्रंप का स्वागत करेंगे। लेकिन वे उनके साथ ताजमहल नहीं जायेंगे। उन्हें विदा करने के लिए भी दोनों हवाई अड्डे पर होंगे।’’

अधिकारियों ने बताया कि कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस, अर्द्धसैनिक बल तथा अन्य बल शहर के चप्पे-चप्पे पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती के अलावा अमेरिका के यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस और भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के अधिकारी भी तैनात रहेंगे। आगरा आयुक्त ने कहा कि हवाई अड्डे से ताजमहल के बीच ट्रंप की 13 किलोमीटर की यात्रा के दौरान रास्ते में हजारों कलाकार विशेष प्रस्तुति के साथ उनका स्वागत करेंगे।

शहर के हवाई अड्डे तथा ताजमहल के पास सड़कों और चौराहों पर ट्रंप के स्वागत के वास्ते बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। रास्ते में आने वाले प्रसिद्ध माल रोड पर लगे एक होर्डिंग पर लिखा है ‘‘संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति महामहिम डोनाल्ड जे ट्रंप का कृष्ण की भूमि पर आगमन पर हार्दिक स्वागत।’’ इसके साथ ही ट्रम्प की एक तस्वीर लगी है जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास खड़े हैं।
एक अन्य बिलबोर्ड में दोनों नेता हाथ मिलाते दिखते हैं और इस पर लिखा है,‘‘पवित्र नदियों-यमुना और गंगा की भूमि पर स्वागत।’’ इसी तरह के एक अन्य बिलबोर्ड पर लिखा है, ‘‘कला एवं शिल्प की समृद्ध विरासत की भूमि पर स्वागत।’’


Download Android App
Download iOS App



