कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा इस विधानसभा चुनाव में ‘80 बनाम 20 फीसदी’ की बात करना युवाओं के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। उन्होंने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘उप्र के चुनावों में 80-20 जैसी बातें करना चार सौ बीसी कर युवाओं के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास है। असलियत यह है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में प्रति 100 लोगों में से 68 के पास काम नहीं है।’’

आगामी चुनाव 80 बनाम 20 फीसदी के बीच होगा :CM योगी
प्रियंका गांधी ने कहा, ‘‘मेरे युवा दोस्तों, अपनी शक्ति से उप्र के चुनावों को रोजगार, शिक्षा जैसे मुद्दों का चुनाव बनाएं।’’ गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि आगामी चुनाव 80 बनाम 20 फीसदी के बीच होगा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राष्ट्रवाद, सुशासन और विकास के मुद्दे पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
कही थी यह बात
उन्होंने कहा था, ‘‘80 फीसदी समर्थक एकतरफ होंगे, जबकि 20 फीसदी दूसरी तरफ। मुझे लगता है कि 80 फीसदी लोग सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेंगे जबकि 20 फीसदी ने हमेशा विरोध किया है, आगे भी विरोध करेंगे लेकिन सरकार भाजपा की आएगी। भाजपा फिर ‘सबका साथ सबका विकास’ के अभियान को आगे बढ़ाने का काम करेगी ।’’


Download Android App
Download iOS App



