बुलंदशहर में 2 साधुओं की हत्या पर अखिलेश ने जताया दुख, प्रियंका ने की राजनीतिकरण ना करने की अपील

Summary :

बुलंदशहर में दो साधुओं की निर्मम हत्या के मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दो साधुओं की निर्मम हत्या के मामले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने इस घटना पर राजनीतिकरण ना करने और न्यायोचित कार्रवाई करने को कहा है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘अप्रैल के पहले 15 दिनों में ही उप्र में सौ लोगों की हत्या हो गई। तीन दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के 5 लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ।’’ 
प्रियंका ने कहा, ‘‘बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे दो साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना सरकार की ज़िम्मेदारी है।


वहीं अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए कहा, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंदिर परिसर में दो साधुओं की नृशंस हत्या अति निंदनीय व दुखद है। इस प्रकार की हत्याओं का राजनीतिकरण न करके, इनके पीछे की हिंसक मनोवृत्ति के मूल कारण या आपराधिक कारण की गहरी तलाश करने की आवश्यकता होती है। इसी आधार पर समय रहते न्यायोचित कार्रवाई करनी चाहिए।


गौरतलब है कि बुलंदशहर के नूपशहर कोतवाली के गांव पगोना में स्थित शिव मंदिर के परिसर में सोमवार देर रात दो साधुओं की धारदार हथियारों से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। मंगलवार की सुबह ग्रामीण मंदिर में पहुंचे तो उन्हें साधुओं के खून से लथपथ शव पड़े मिले। 

इस हत्या के बाद ग्रामीणों में काफी रोष है। इस वारदात के बाद मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। हालांकि अभी घटना के पीछे कारण का पता नहीं चल सका है। फिलहाल ग्रामीणों ने एक युवक पर शक जताया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Desk Team