आगरा के मेयर नवीन जैन द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे गए पत्र को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए पूरा ध्यान सही सूचना और उचित उपचार पर केन्द्रित होना चाहिए।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया,‘‘ आगरा शहर में स्थिति बेहद खराब है और कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या दिनों दिन बढ़ रही है। आगरा के महापौर का कहना है कि अगर सही प्रबंध नहीं किए गए तो स्थिति हाथ से निकल सकती है।’’
उन्होंने कहा,‘‘कल मैंने भी यही मुद्दा उठाया था। पारदर्शिता बेहद जरूरी है। जांच पर ध्यान देना जरूरी है। अगर कोरोना वायरस को रोकना है तो पूरा ध्यान सही सूचना और उचित उपचार पर केन्द्रित होना चाहिए।’’ प्रदेश सरकार को आगरा के महापौर की बातों को सही तरीके से लेना चाहिए और लोगों को इस वैश्विक महामारी से बचाने की तत्काल कोशिश करनी चाहिए।
..और सही उपचार पर होना चाहिए।
सरकार द्वारा आगरा मेयर की बातों को सकारात्मक भाव से लेना और तुरंत पूरी तरह से आगरा की जनता को महामारी से बचाने का प्रयास करना महत्वपूर्ण है। 2/2
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) April 26, 2020
दरअसल, आगरा के मेयर नवीन जैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र लिखकर तुरंत कदम उठाने की अपील करने के साथ ही कहा है कि आगरा, देश का वुहान बन सकता है। पत्र में उन्होंने लिखा है, ‘मैं बहुत दुखी मन से आप को पत्र लिख रहा हूं कि मेरा आगरा अत्यधिक संकट के दौर से गुजर रहा है। आगरा को बचाने के लिए कड़े निर्णय लेने की आवश्यकता है। स्थिति अत्यधिक गंभीर हो चुकी है। इसलिए मैं आपसे हाथ जोड़कर प्रार्थना कर रहा हूं कि मेरे आगरा को बचा लीजिए, बचा लीजिए।’’
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में संक्रमण से 27 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं शनिवार को 177 नए मामले सामने आए हैं,जिससे संक्रमण के मामले बढ़ कर 1,793 पर पहुंच गए हैं। शनिवार को मुरादाबाद और आगरा में एक -एक व्यक्ति की संक्रमण से मौत हो गई। प्रदेश के सहारनपुर से 37, आगरा से 25,कानपुर से 24, लखनऊ से 19, संतकबीर नगर से 19 और बरेली से 11 नए मामले सामने आए हैं।


Download Android App
Download iOS App



