कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों को लेकर शनिवार को आरोप लगाया कि जांच पर ध्यान नहीं देने और ‘आंकड़ो की बाजीगरी’ के कारण राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण का विकराल रूप देखने को मिल रहा है।
लगभग 3 महीने के लॉकडाउन, यूपी सरकार के तमाम दावों के बावजूद यूपी के 25 जिलों में जुलाई महीने में कोरोना के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है।
यूपी के 3 जिलों में 200%, 3 में 400% और 1 जिले में 1000% से ऊपर की उछाल आई है।..1/3 pic.twitter.com/20G7gU5a3T
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) July 18, 2020
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ लगभग 3 महीने के लॉकडाउन और उत्तर प्रदेश सरकार के तमाम दावों के बावजूद राज्य के 25 जिलों में जुलाई महीने में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई है। 3 जिलों में 200 प्रतिशत, 3 में 400 प्रतिशत और 1 जिले में 1000 प्रतिशत से ऊपर का उछाल आया है।’’
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने अपने एक ट्वीट में दावा किया, ‘‘खबरों के अनुसार प्रयागराज में 70 फीसदी संक्रमित लोगों की रिपोर्ट आने के 48 घंटे के भीतर ही मृत्यु हो गई। हमें इसी बात का डर था। इसलिए शुरू में ही हमने उप्र के मुख्यमंत्री जी को पत्र लिखकर इस संदर्भ में सकारात्मक सुझाव देते हुए अधिकतम जांच की बात उठाई थी।’’
प्रियंका ने दावा किया, ‘‘आज ये विकराल रूप जांच पर ध्यान न देने, रिपोर्ट में देरी होने, आंकड़ों की बाजीगरी करने व संपर्क में आए लोगों का पता लगाने पर ध्यान नहीं देने की वजह से हुआ है। यूपी सरकार के पास इसका कोई जवाब नहीं है।’’
उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार देर शाम जारी बुलेटिन में बताया गया कि बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,919 नये मामले सामने आये हैं जबकि 38 और लोग की मौत होने के साथ ही मृतकों का आंकडा 1,084 पहुंच गया। प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 45,363 मामले हैं।


Download Android App
Download iOS App



