महिला कार्यकर्ता की पुलिस द्वारा पिटाई पर बोलीं प्रियंका- दमन नहीं चलेगा

Summary :

प्रियंका गांधीने कहा, “इस तरह का दमन एकदम नहीं चलेगा। हमारी महिला कार्यकर्ता को तुरंत रिहा करिए।”

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश में अपनी पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता की पुलिस द्वारा कथित पिटाई को लेकर रविवार को राज्य की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस तरह का दमन नहीं चलेगा। 
प्रियंका ने सदफ जफर नामक महिला कार्यकर्ता की कथित पिटाई से जुड़ी खबर का हवाला देते ट्वीट किया, ”हमारी महिला कार्यकर्ता सदफ जफर पुलिस को बता रही थीं कि उपद्रवियों को पकड़ो और उन्हें उत्तर प्रदेश पुलिस ने बुरी तरह से मारा पीटा एवं गिरफ्तार कर लिया। वह दो छोटे-छोटे बच्चों की मां हैं। ये सरासर ज्यादती है।” 
उन्होंने कहा, ” इस तरह का दमन एकदम नहीं चलेगा। हमारी महिला कार्यकर्ता को तुरंत रिहा करिए।’ बता दें की संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के खिलाफ उत्तर प्रदेश में शनिवार को और हिंसा हुई तथा कानपुर एवं रामपुर में भीड़ ने आगजनी की और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई, फलस्वरूप एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Desk Team