बुलंदशहर घटना पर बोलीं प्रियंका-महिलाओं पर होने वाले अपराध पर जीरो टॉलरेंस होना चाहिए

Summary :

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि बुलंदशहर घटना राज्य में कानून का डर खत्म हो जाने और महिलाओं के लिए असुरक्षा का माहौल होने की द्योतक है।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मनचलों द्वारा छेड़खानी के दौरान हुए सड़क हादसे में हुई छात्रा की मौत पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि यह घटना राज्य में कानून का डर खत्म हो जाने और महिलाओं के लिए असुरक्षा का माहौल होने की द्योतक है। 
प्रियंका ने ट्वीट करते हुए लिखा, बुलंदशहर की घटना यूपी में कानून के डर के खात्मे और महिलाओं के लिए फैले असुरक्षा के माहौल को दिखाती है। ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन छेड़खानी की घटनाओं को गंभीरता से नहीं लेता। इसके लिए व्यापक फेरबदल की जरूरत है। महिलाओं पर होने वाले हर तरह के अपराध पर जीरो टॉलरेंस होना चाहिए।


गौरतलब है कि अमेरिका में स्कॉलरशिप पर पढ़ाई कर रही दादरी तहसील के डेयरी स्कैनर गांव की छात्रा सुदीक्षा भाटी की सड़क हादसे में मौत हो गई है। पुलिस ने कहा कि सुदीक्षा भाटी सोमवार को अपने चाचा के साथ बाइक से बुलंदशहर से औरंगाबाद जा रही थी। 

औरंगाबाद गांव के पास बुलट सवार मनचलों से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में सुदीक्षा की मौत हो गई। हालांकि, घर वालों का आरोप है कि यह हादसा उस समय हुआ जब सुदीक्षा को बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो मनचले लगातार छेड़ रहे थे। इसी दौरान औरंगाबाद गांव के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

Desk Team