कोलकाता : केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को कहा कि देश स्थायी और निर्णायक प्रधानमंत्री चाहता है न कि अनुबंध पर।
विपक्षी गठबंधन में प्रधानमंत्री पद के कई उम्मीदवार होने की ओर इशारा करते हुए नकवी ने कहा, ‘‘देश अनुबंध पर प्रधानमंत्री नहीं चाहता है, जहां छह महीने के लिए कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री होगा और अगले छह महीने के लिए कोई और व्यक्ति प्रधानमंत्री बनेगा।’’ उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में जोर देकर कहा कि लोग एक मजबूत और निर्णय करने वाली सरकार चाहते हैं ।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘देश जुगाड़ अथवा जोड़ तोड़ की सरकार नहीं चाहता है ।’’ अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल में विकास के जो काम हुए हैं, लोग उसके लिए मतदान करेंगे । उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। नकवी ने दावा किया, ‘‘अधिकतर विपक्षी दल निर्वाचन के बाद अपनी पहचान खो देंगे क्योंकि वे अपने अस्तित्व के लिए संघर्ष कर रहे हैं ।’’


Download Android App
Download iOS App




