राजकीय रेलवे पुलिस ने पिछले माह नन के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने के मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने शिकायत की थी कि दो लड़कियों को जबरन धर्म परिवर्तन के लिए ले जाया जा रहा है, जिसके बाद जीआरपी पुलिस ने 19 मार्च को उत्कल एक्सप्रेस से ओडिशा के राउरकेला जा रहीं दो नन एवं दो लड़कियों को पूछताछ के लिए ट्रेन से उतार लिया था।
शिकायत के अनुसार धर्म परिवर्तन जैसा कोई मामला सामने नहीं आने पर उन्हें अगली ट्रेन से रवाना कर दिया था। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के क्षेत्राधिकारी नईम खान मंसूरी ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर रात रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह को पता चला कि पुराने बुकिंग हॉल के पास 2 युवक पुलिस कर्मियों से विवाद कर रहे हैं कि पिछले दिनों नन के मामले में पुलिस ने उचित कार्रवाई न करते हुए उन्हें छोड़ दिया था।
इस संबंध में वह प्रदर्शन करने की धमकी देते हुए पुलिसकर्मियों से उलझ रहे थे। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि उपरोक्त दोनों युवकों को शांति भंग करने की आशंका और नन के साथ दुर्व्यवहार में उनकी भूमिका को देखते गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए अंचल अर्जरिया एवं पुरूकेस अमरया एक हिंदूवादी संगठन के सदस्य हैं।


Download Android App
Download iOS App



