जयपुर : राजस्थान के छह बसपा विधायक पार्टी सुप्रीमो मायावती से नई दिल्ली में एक जून को मुलाकात करेंगे। बसपा विधायक वाजिब अली ने कहा कि राजस्थान में लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा भी बैठक में की जाएगी। अली ने कहा कि हम राज्य में लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे।
बैठक में भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की जायेगी। उन्होंने बताया कि राज्य की अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को पार्टी का समर्थन जारी रहेगा। अली ने कहा कि सरकार से समर्थन वापस लेने का कोई एजेंडा नहीं है, बल्कि हम सरकार के साथ कितनी कुशलता से काम कर सकते हैं, इस पर चर्चा की जायेगी।
सोमवार को बसपा सांसदों की राज्यपाल कल्याण सिंह के साथ एक बैठक प्रस्तावित थी लेकिन ऐन वक्त पर बैठक रद्द कर दी गई। अली ने कहा कि एक जून को पार्टी सुप्रीमो मायावती के साथ चर्चा के बाद राज्यपाल के साथ बैठक के बारे में निर्णय लिया जायेगा।
200 विधायकों वाली विधानसभा में कांग्रेस के 100 विधायकों और पार्टी को समर्थन दे रही राष्ट्रीय लोक दल के एक विधायक के सहयोग से पार्टी बहुमत वाली सरकार चला रही है। कांग्रेस सरकार को छह बसपा विधायकों के साथ साथ, 13 निर्दलीय विधायकों में से 12 का समर्थन है।


Download Android App
Download iOS App



