फिरोजाबाद : कोरोना वैक्सीनेशन नहीं करवाने पर रुकेगी सरकारी कर्मचारियों की सैलरी

Summary :

फिरोजाबाद जिले में प्रशासन ने टीकाकरण नहीं कराने वाले सरकारी कर्मचारियों का मई महीने का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं।

कोरोना महामारी से बचाव के लिए देश में टीकाकरण अभियान जारी है, बावजूद कई लोग टीका लगवाने से कतरा रहे है। ऐसे में टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन की ओर अलग-अलग कदम उठाए जा रहे है। इसी चरण में फिरोजाबाद जिले में प्रशासन ने टीकाकरण नहीं कराने वाले सरकारी कर्मचारियों का मई महीने का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं। इस फरमान से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

कोरोना टीकाकरण को लेकर प्रशासन की अनूठी पहल, बिना वैक्सीन सर्टिफिकेट के नहीं मिलेगी शराब

मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौर ने बुधवार को बताया कि जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने पिछले दिनों ‘वैक्सीनेशन नहीं तो वेतन नहीं’ का मौखिक आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि किसी विभाग में कर्मचारियों द्वारा अपना टीकाकरण नहीं कराया गया तो विभाग अध्यक्ष को उसके खिलाफ कार्रवाई करने और टीका नहीं लगवाने तक मई का वेतन न देने का आदेश दिया गया है।
गौर ने बताया कि इस पर अमल के लिए जिला कोषाधिकारी समेत सभी विभागाध्यक्ष को निर्देशित कर दिया गया है और उनसे सूची बनाकर टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिलाधिकारी के इस मौखिक फरमान के बाद सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है और तनख्वाह रुकने के डर से वे टीकाकरण कराने के लिए प्रयासरत हैं।

Desk Team