समाजवादी पार्टी (सपा) ने मुरादाबाद की तर्ज पर मेरठ में भी नामांकन के अंतिम दिन बृहस्पतिवार को अपना उम्मीदवार बदल दिया। पार्टी ने अब अतुल प्रधान की जगह पूर्व महापौर सुनीता वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। सपा के प्रान्तीय प्रवक्ता फखरुल हसन ने बताया कि पार्टी ने अतुल प्रधान का टिकट काटकर पूर्व महापौर सुनीता वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।
Highlights
- सपा ने मेरठ से बदला अपना प्रत्याशी
- अतुल प्रधान की जगह पूर्व महापौर सुनीता वर्मा को टिकट
- बुधवार को ही नामांकन दाखिल
बुधवार को ही नामांकन दाखिल
मेरठ की सरधना सीट से सपा के विधायक प्रधान ने बुधवार को ही नामांकन दाखिल किया था। सूत्रों के मुताबिक, प्रधान अपना टिकट काटे जाने से नाराज थे लेकिन पार्टी नेतृत्व के समझाने पर उन्होंने इस निर्णय को स्वीकार कर लिया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”जो राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी का निर्णय है, वह स्वीकार है! जल्द ही साथियों से बैठकर बात करेंगे।’’
भानु प्रताप सिंह का टिकट काटकर उम्मीदवार बनाया गया
अतुल प्रधान को पूर्व में घोषित अधिवक्ता भानु प्रताप सिंह का टिकट काटकर उम्मीदवार बनाया गया था लेकिन अब उनके स्थान पर सुनीता वर्मा को टिकट दिया गया है। सपा ने इससे पहले मुरादाबाद लोकसभा सीट के लिये भी नामांकन के अंतिम दिन गत 27 मार्च को मौजूदा सांसद एस.टी. हसन का टिकट काटकर वरिष्ठ सपा नेता आजम खां की करीबी सहयोगी पूर्व विधायक रुचि वीरा को उम्मीदवार बनाया था।
इस बीच, राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सपा में प्रत्याशी बदले जाने पर चुटकी ली है। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ”विपक्ष में क़िस्मत वालों को ही कुछ घंटों के लिए लोकसभा चुनाव का टिकट मिलता है! और जिनका टिकट नहीं कटा, उनका नसीब… । मेरठ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को मतदान होगा। इस चरण के लिये नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख चार अप्रैल है।


Download Android App
Download iOS App



