समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं सांसद मोहम्मद आजम खां के समर्थन में रामपुर से 12 मार्च से शुरू सपा की साइकिल यात्रा शनिवार को लखनऊ में समाप्त हो गयी। पार्टी दफ्तर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यात्रा का स्वागत किया और कहा कि प्रदेश की योगी सरकार के इशारे पर सपा सांसद के खिलाफ झूठे मुकदमे में दर्ज किये गये है। सपा कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आवाहन किया कि वे अनुशासन में रहते हुये सरकार की नीतियों का विरोध करें।
उन्होने कहा कि अगले साल विधानसभा चुनाव में पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगी जिसके बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर लगे झूठे मुकदमों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। उधर, सपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन जाकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न संबंधी ज्ञापन दिया और सरकार के रवैये में हस्तक्षेप करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता विरोधी दल अहमद हसन और प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल,राजेंद्र चौधरी और विधायक मोहम्मद फहीम इरफान शामिल थे।
गौरतलब है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पिछली 12 मार्च को रामपुर से साइकिल यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था। उन्होने आरोप लगाया था कि योगी सरकार के इशारे पर सपा सांसद को परेशान किया जा रहा है। उनके खिलाफ लगाये गये आरोपों का कोई आधार नहीं है। साइकिल यात्रा बरेली,शाहजहांपुर,लखीमपुर और सीतापुर होते हुये आज लखनऊ पहुंची थी।


Download Android App
Download iOS App



